मनावर में कल जुटेगा नामदेव समाज: 450 युवक-युवतियों के सजेंगे रिश्ते, LED स्क्रीन पर दिखेगा परिचय
Rajat Chipa (Bhopal) 31-10-2026 Regional
मनावर/धार(शिवरतन नामदेव)|मध्य प्रदेश के मनावर शहर में कल रविवार को नामदेव समाज का भव्य प्रांतीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। 'नामदेव समाज विकास परिषद मध्य प्रदेश' और 'निमाड़-मालवा नामदेव समाज टीम' की मेजबानी में हो रहे इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में प्रदेशभर से लगभग 2,000 समाजजनों के शामिल होने का अनुमान है।
आयोजन से जुड़ी प्रमुख खास बातें और व्यवस्थाएं:-
हाइटेक परिचय व्यवस्था: मंच पर झिझक महसूस करने वाले प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बायोडाटा और जरूरी जानकारियां बड़ी डिजिटल LED स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही सूत्रधार द्वारा मंच से परिचय पढ़कर सुनाया जाएगा।
450 बायोडाटा प्राप्त: सम्मेलन के लिए कुल 450 विवाह योग्य युवक-युवतियों की प्रविष्टियां मिली हैं, जिन्हें एक विशेष परिचय पुस्तिका में संकलित किया गया है।
निःशुल्क भोजन एवं आवास: बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं और परिवारों के लिए भोजन और नाश्ते की पूरी व्यवस्था निःशुल्क रखी गई है। 300 किमी से अधिक दूरी तय करके 31 अक्टूबर की रात तक पहुंचने वाले अतिथियों के लिए नामदेव धर्मशाला में ठहरने और खाने का विशेष प्रबंध किया गया है।
मेल-मिलाप कक्ष व ज्योतिष परामर्श: आपसी बातचीत और रिश्ते पक्के करने के लिए अलग से 'मेल-मिलाप कक्ष' बनाया गया है। इसके अलावा, मौके पर ही कुंडली मिलान के लिए ज्योतिषाचार्य भी उपलब्ध रहेंगे।(आवेदकों को अपनी जन्मकुंडली व पहचान पत्र साथ लाने की सलाह दी गई है।)
आयोजकों के अनुसार, इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज की नई पीढ़ी के लिए योग्य जीवनसाथी का चयन आसान बनाने के साथ-साथ सामाजिक एकता,आपसी सहयोग और पारिवारिक संबंधों को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से जुड़ी नामदेव व दर्जी समाज की विभिन्न प्रतिनिधि संस्थाएं भी शामिल हो रही हैं।

0
32



