नामदेव समाज का ऐतिहासिक राष्ट्रीय परिचय सम्मेलन मनावर में संपन्न: 8 राज्यों और विदेशों से जुटे 3000 से अधिक समाजबंधु ​

Like 1 Views 84
Rajat Chipa (Bhopal) 01-11-2026 Regional

​मनावर/धार/मध्यप्रदेश(शिवरतन नामदेव)|रविवार, 1 नवंबर 2026 को मनावर की पावन भूमि पर नामदेव समाज विकास परिषद मध्यप्रदेश एवं निमाड़-मालवा नामदेव समाज की संयुक्त पहल पर सकल दर्जी समाज के सर्व घटकों का भव्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन अभूतपूर्व उत्साह, पारिवारिक सौहार्द और सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन ने संपूर्ण देश में सामाजिक एकजुटता का एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है।
​
विदेशों से भी जुड़े नामदेव समाज के युवा:- 
​नामदेव समाज विकास परिषद म.प्र. के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव ने जानकारी दी कि इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में केवल देश के विभिन्न महानगरों (मुंबई, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु, दिल्ली) और 8 राज्यों (मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात आदि) से ही नहीं, बल्कि इंग्लैंड, सिंगापुर और दुबई में कार्यरत नामदेव समाज के उच्च शिक्षित युवक-युवतियों ने भी अपने बायोडाटा भेजकर सहभागिता दर्ज कराई। सम्मेलन में कुल 455 बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें से 250 युवक-युवतियों ने अपने अभिभावकों के साथ मंच पर आकर अपना परिचय दिया। इसमें लगभग 50 से अधिक युवतियों की मंच पर उपस्थिति समाज में आए सकारात्मक बदलाव और नारी सशक्तिकरण का परिचायक रही।

​डिजिटल स्क्रीन और हाई-टेक व्यवस्थाएं रहीं आकर्षण का केंद्र:- 
​युवाओं को जीवनसाथी चुनने में आसानी हो, इसके लिए इस बार पूरी प्रक्रिया को हाई-टेक बनाया गया था। सम्मेलन स्थल पर डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से युवक-युवतियों के बायोडाटा लगातार प्रदर्शित किए जाते रहे। पंजीयन से लेकर डिजिटल बायोडाटा तैयार करने और मंच संचालन तक की तकनीकी व्यवस्था युवा सदस्यों अश्विन एवं गोविंदा ने बेहद कुशलता से संभाली।
​दूर-दराज से आए परिवारों के बीच सार्थक संवाद के लिए विशेष 'मेल-मिलाप कक्ष' बनाया गया था, जहाँ परिवारों ने आमने-सामने बैठकर चर्चा की। इसके साथ ही, योग्य ज्योतिषाचार्यों द्वारा कुंडलियों का मिलान कर अष्टकूट गुणों की जानकारी भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।

​पूर्णतः निःशुल्क व्यवस्था: 29 यजमानों ने संभाली कमान:- 
​इस आयोजन की सबसे बड़ी और प्रेरणादायी विशेषता इसकी पूर्णतः निःशुल्क व्यवस्था रही। समाजबंधुओं के लिए पंजीयन, बायोडाटा प्रविष्टि, आवास और भोजन—सभी सेवाएँ पूरी तरह निःशुल्क रखी गईं। सुबह के चाय-नाश्ते से लेकर दोपहर 12:30 बजे से अनवरत शुरू हुई भोजनशाला ने सभी का मन मोह लिया। निमाड़-मालवा टीम के 29 यजमानों ने संपूर्ण आयोजन का आर्थिक दायित्व (प्रायोजन) उठाया, और समाज के किसी भी व्यक्ति से एक भी रुपया शुल्क नहीं लिया गया।
​सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और म.प्र. स्थापना दिवस की गूंज
​कार्यक्रम के दौरान महिला सदस्यों द्वारा प्रस्तुत किए गए सुंदर गीतों और वंदना ने समां बांध दिया। उपस्थित अतिथियों और वरिष्ठजनों ने मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस की एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं और इस भव्य आयोजन की व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से सराहना की।

​दिग्गजों की उपस्थिति ने बढ़ाया मान:- 
​सम्मेलन में समाज के शीर्ष नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसमें मुख्य रूप से:
​राजेंद्र कुमार नामदेव गाडरवारा (प्रदेश अध्यक्ष, नामदेव समाज विकास परिषद म.प्र.)
​मुकेश नामदेव (मुख्य संरक्षक, इंदौर)
​मंगेश नामदेव (प्रदेश संयोजक, ठीकरी) व संजय नामदेव (कार कार्यकारी अध्यक्ष, छतरपुर)
​सुभाष चंद्र वर्मा (महामंत्री, इंदौर) एवं भीकम सिंह नामदेव (कोषाध्यक्ष, भोपाल)
​महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजलक्ष्मी अखोटिया (भोपाल) सहित प्रदेशभर से आए संभागीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और युवा-महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भारी संख्या में उपस्थित रहे।
​आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा बड़वानी, संभागीय अध्यक्ष सुनील सोनू भगत, विजय जी सुसारी, शैलेंद्र नामदेव एवं मंच का शानदार संचालन करने वाले उपमहामंत्री शिवानंद अखोटिया की प्रमुख भूमिका रही।
​अंत में मीडिया प्रभारी शिवरतन नामदेव ने निमाड़-मालवा आयोजन समिति, सभी यजमानों, मातृशक्ति और देश के कोने-कोने से पधारे समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मनावर का यह महाकुंभ समाज की सामूहिक शक्ति और प्रगतिशीलता का एक जीवंत उदाहरण बन गया है।

प्रादेशिक

सम्पादकीय