विश्व पर्यटन दिवस पर सांगानेरी ब्लॉक प्रिंटिंग को नई पहचान,,,नाइट एक्सपीरियंस लॉन्च,,, उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने की ऐतिहासिक पहल
Rajat Chipa (Jaipur) 29-09-2026 Regional
जयपुर। विश्व पर्यटन दिवस के खास अवसर पर राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और हस्तकला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई और अनोखी शुरुआत की गई है। सांगानेर की सदियों पुरानी 'सांगानेरी हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग' को अब रात्रि पर्यटन (Night Tourism) से जोड़ते हुए "नाइट एक्सपीरियंस ऑफ सांगानेरी हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग" का शुभारंभ किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान की माननीय उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने किया। कार्यक्रम का आयोजन 'राजस्थान स्टूडियो' के संस्थापक श्री कार्तिक गगर द्वारा किया गया था।
कला और पर्यटन का अनोखा संगम
कार्यक्रम के दौरान सांगानेर के प्रसिद्ध मास्टर आर्टिस्ट श्री राजकुमार पाण्डे ने उपस्थित पर्यटकों और कला प्रेमियों को सांगानेरी प्रिंटिंग की बारीकियों, प्राकृतिक रंगों के उपयोग और इसके समृद्ध इतिहास से रूबरू कराया। पर्यटकों को रात के समय इस कला को करीब से देखने और अनुभव करने का अनूठा अवसर मिला।
पारंपरिक कलाओं के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
उद्घाटन के दौरान सांगानेर के स्थानीय कारीगरों और कलाकारों के हुनर की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने कहा, "राजस्थान की हस्तकलाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। राज्य सरकार पारंपरिक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और कलाकारों को नया मंच प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"
इस अवसर पर पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, राजस्थान स्टूडियो की टीम तथा बड़ी संख्या में देश-विदेश से आए कला प्रेमी उपस्थित रहे।

0
58


