नामदेव छीपा समाज के लिए गौरव के क्षण,,,सिटी पैलेस में महाराजा पदमनाभ सिंह जी से मिले राष्ट्रीय व राज्य पुरस्कार विजेता शिल्पकार राजकुमार पांडेय
Rajat Chipa (Jaipur) 26-10-2026 Regional
जयपुर|पिंक सिटी जयपुर के ऐतिहासिक सिटी पैलेस में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान कला एवं संस्कृति जगत के लिए एक गौरवशाली क्षण देखने को मिला।सांगानेरी हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग के प्रख्यात कलाकार एवं राष्ट्रीय मेरिट व राज्य पुरस्कार विजेता राजकुमार पांडेय(सांगानेर,जयपुर) ने जयपुर के पूर्व राजपरिवार के महाराजा पदमनाभ सिंह जी से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान महाराजा पदमनाभ सिंह जी ने पारंपरिक सांगानेरी हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग कला में गहरी रुचि दिखाई।उन्होंने इस कला की वर्तमान स्थिति,कारीगरों के समक्ष अवसरों और इसके भविष्य की संभावनाओं के बारे में बारीकी से जानकारी ली।
छीपा समाज की ऐतिहासिक धरोहर का उल्लेख:-
बातचीत के दौरान शिल्पकार राजकुमार पांडेय ने पूर्व जयपुर राजपरिवार और छीपा समुदाय के बीच के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का स्मरण कराया। उन्होंने महाराजा को बताया कि सांगानेर स्थित वह ऐतिहासिक भूमि, जहाँ आज 'द कैलिको प्रिंटर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी' (Calico Printers Co-operative Society) स्थित है,जयपुर के पूर्व महाराजाओं द्वारा ही छीपा समुदाय को सहृदयता से प्रदान की गई थी।आज यही स्थान छीपा समाज के सभी कलाकारों और हस्तशिल्पियों के लिए अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बेचने का सबसे प्रमुख मंच है।
छीपा समाज के लिए गर्व का क्षण:-
राजकुमार पांडेय ने इस मुलाकात को अपने और समस्त छीपा समाज के लिए बेहद गर्व और यादगार क्षण बताया। उन्होंने कहा:
"हमारी पारंपरिक कला के प्रति महाराजा पदमनाभ सिंह जी का यह स्नेह,समर्थन और रुचि अत्यंत सराहनीय है। सांगानेरी हस्तशिल्प को सहेजने और प्रोत्साहित करने के लिए हम उनके प्रति दिल से आभार व्यक्त करते हैं।"

2
35



